कुंभमेले में साधुओं ने आसाराम का आश्रम तोड़ डाला
उज्जैन। रेप और छेड़छाड़ के मामले में जेल में बंद आसाराम के खिलाफ साधु-संतों ने भी मोर्चा खोल दिया है। संत समाज सिंहस्थ में उनकी इंट्री पर पहले ही बैन लगा चुका था। अब उनके आश्रम में भी तोड़फोड़ करते हुए पोस्टर फाड़ दिए। इसके बाद गंगा जल से आसाराम के आश्रम को पवित्र भी किया गया। उज्जैन में आयोजित हो रहे सिंहस्थ महाकुंभ के दौरान साधु-संतों ने बुधवार को आसाराम के मंगलनाथ रोड स्थित आश्रम में तोड़फोड़ कर दी।
आसाराम दुष्कर्म के मामले में जेल में हैं। इसलिये इस बार सिंहस्थ में उनका कैंप नहीं लगा है। लिहाजा प्रशासन ने उनके आश्रम की जमीन को इस बार निर्मोही अखाड़े को आवंटित कर दिया है। बुधवार को कब्जा लेने पहुंचे निर्मोही अखाड़े के संतों ने आसाराम के पोस्टर और बैनर फाड़ दिए। आसाराम के आश्रम पहुंचे निर्मोही अखाड़े के संतों का कहना हैं कि आसाराम संत के नाम पर कलंक है। इसलिये उसके आश्रम में आने से पहले गंगाजल छिड़ककर पवित्र किया गया है।
इसी बात को लेकर उनके और आसाराम के आश्रम के सेवादारों के बीच विवाद हो गया लेकिन निर्मोही अखाड़े के संत नहीं माने। उन्होंने यहां जमकर गदर मचाया और आसाराम आश्रम में उनसे जुड़ी हर निशानी को तोड़ दिया। (भोपाल समाचार से)